
गणना ब्लॉकों के गठन, परिवारों के आवंटन और स्व-गणना के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर
ओजस्वी मन
मुज़फ्फरनगर, 21 अक्टूबर।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों को लेकर बुधवार को जनपद मुज़फ्फरनगर में समस्त चार्ज अधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए गणना ब्लॉकों के गठन, परिवारों के आवंटन, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती तथा उनके प्रशिक्षण को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह, जनगणना नोडल अधिकारी गौरव गुंजन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में PE CMMS पोर्टल के माध्यम से गणना ब्लॉकों (EB एवं Sub-EB) के गठन, परिवारों के आवंटन, पर्यवेक्षक सर्किल के निर्धारण तथा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती की समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि गणना ब्लॉकों का विभाजन और परिवारों का आवंटन नियमानुसार पूरा करने के बाद पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फ्रीज किया जाए। प्रत्येक गणना ब्लॉक की Abridged House List (AHL) का दोनों तरफ प्रिंट निकालकर संबंधित प्रगणक को उपलब्ध कराने तथा सभी गणना ब्लॉकों की चौहद्दी स्पष्ट रूप से निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि गणना के दौरान क्षेत्रीय सीमाओं को लेकर किसी प्रकार की असुविधा न हो।अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गणना ब्लॉकों के निर्धारण के बाद पर्यवेक्षक सर्किल का गठन कर उन्हें संबंधित पर्यवेक्षकों को आवंटित किया जाए। इसी प्रकार प्रत्येक गणना ब्लॉक को संबंधित प्रगणक के साथ पोर्टल पर मैप किया जाए। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र समय से जारी करने तथा उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।प्रशिक्षण व्यवस्था के संबंध में कहा गया कि प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को प्रशिक्षण मैनुअल उपलब्ध कराया जाए। प्रथम चरण में तैयार किए गए HLO मैप (नज़री नक्शे) की छायाप्रति संबंधित प्रगणक को दी जाए। इसके अतिरिक्त द्वितीय चरण का नज़री नक्शा तैयार करने के लिए प्रत्येक प्रगणक को ब्लैंक मैप की दो प्रतियां तथा प्रश्नावली अनुसूची की दो प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं।
14 नवंबर तक प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश
बैठक में सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि सभी कार्मिक जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, प्रश्नावली और अपने दायित्वों से भली-भांति परिचित हो सकें।प्रशिक्षण केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इनमें खान-पान, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखे, स्मार्ट टीवी, म्यूजिक एवं साउंड सिस्टम तथा स्वच्छ और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था शामिल है। संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्व-गणना और जन-जागरूकता अभियान पर जोर
जनगणना-2027 के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जनपद के सभी चार्ज स्तरों पर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और प्रत्येक परिवार की सहभागिता के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।बैठक में स्व-गणना (Self-Enumeration) को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। सभी चार्ज अधिकारियों एवं उनकी टीम को स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक परिवार स्व-गणना की प्रक्रिया में भाग ले सकें। इसके लिए संबंधित संस्थानों एवं कक्षाओं में पहुंचकर लोगों को जागरूक करने तथा व्यापक प्रचार अभियान चलाने पर बल दिया गया।
समयसीमा के पालन और समन्वय पर विशेष बल
बैठक में स्पष्ट किया गया कि जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसके सफल संचालन के लिए सभी चार्ज अधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। गणना ब्लॉकों के गठन, परिवारों के आवंटन, चौहद्दी निर्धारण, कार्मिकों की तैनाती और प्रशिक्षण सामग्री की उपलब्धता सहित सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर त्रुटि, अनावश्यक विलंब या कार्य में शिथिलता नहीं बरतने को कहा गया। प्रशासनिक समन्वय, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आमजन की अधिकतम सहभागिता को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया गया।



