प्राकृतिक चिकित्सा के संदेश से गूंजा स्वस्थ भारत का संकल्प, विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त समाज की शपथ
होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा में मनाया गया नेशनल नेचुरोपैथी डे-2026, डॉ. राजीव कुमार ने प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर किया जागरूक

ओजस्वी मन मुजफ्फरनगर।
स्वस्थ जीवनशैली और प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने का संदेश लेकर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में नेशनल नेचुरोपैथी डे-2026 उत्साहपूर्वक मनाया गया। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी (NIN) के सहयोग से इंडियन नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रही। विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में आयोजित विशेष कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों और स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजीव कुमार ने प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन का आधार केवल उपचार नहीं, बल्कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, प्राणायाम, पर्याप्त विश्राम और मानसिक संतुलन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मड थेरेपी, हाइड्रोथेरेपी, आहार चिकित्सा, मसाज थेरेपी और सन थेरेपी जैसी प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रकृति के पांच तत्वों पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के महत्व को समझाते हुए कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर अनुशासित जीवनशैली अपनाना स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 18 नवंबर को राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2018 से प्रारंभ इस आयोजन का संबंध महात्मा गांधी के प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति समर्पण और 18 नवंबर 1945 को अखिल भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बनने की ऐतिहासिक घटना से है।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पक्ष युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। INO मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष प्रवेंद्र दहिया ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र का भविष्य है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और सकारात्मक विचारों को अपने जीवन का आधार बनाएं, तो समाज और राष्ट्र दोनों का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच प्राकृतिक चिकित्सा, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया। आयोजन को सफल बनाने में INO मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष प्रवेंद्र दहिया एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला सार्थक प्रयास बताया।



