भगवंत ग्रुप में ‘अभिनंदन-2026’ का भव्य आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
जसिका बनीं मिस फ्रेशर और दीक्षांत ने जीता मिस्टर फ्रेशर का खिताब, चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह ने विजेताओं को किया सम्मानित

ओजस्वी मन मुजफ्फरनगर। भगवंत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, भगवंतपुरम में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर पार्टी ‘अभिनंदन-2026’ का आयोजन हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गायन, नृत्य और आकर्षक प्रतियोगिताओं से सजे इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही, जिसमें जसिका ने मिस फ्रेशर और दीक्षांत ने मिस्टर फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं संस्थान के चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. कुलभूषण गुप्ता, उपनिदेशक डॉ. पुष्पनील वर्मा, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. आदित्य कुमार शर्मा, जीएम एवं वित्त अधिकारी सीए दुष्यंत कुमार, नर्सिंग प्राचार्या डॉ. विजया डी., आयुर्वेदिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शीतल राजपूत, श्री गौरव राजपूत, शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. कावेंद्र यादव, इंजीनियर निकुल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।समारोह में अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। उपनिदेशक डॉ. पुष्पनील वर्मा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह एवं निदेशक डॉ. कुलभूषण गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संस्कार और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी है। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग, बी.फार्मा, बीटेक, जीएनएम, एएनएम, बीएएमएस सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकल एवं समूह गायन, युगल नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और सामाजिक विषयों पर आधारित नाटिकाओं ने समारोह को यादगार बना दिया।अंजलि एवं बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। शिव एवं शिवम ने युगल नृत्य, जबकि दीपांशु ने एकल गायन से दर्शकों की सराहना प्राप्त की। पियूष एवं उनकी टीम ने ‘यमराज की अदालत’ नाटिका के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया। सानिया एवं बीएससी नर्सिंग प्रथम व द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया।
यश चंद्रा के एकल गायन, क्रिश एवं दीप्तिका के युगल नृत्य, रीना नाहरिया के गायन और परी जैन के शास्त्रीय नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं वंशिका एवं उनकी टीम ने सोशल मीडिया पर आधारित नाटिका प्रस्तुत कर समसामयिक विषय को रोचक अंदाज में मंच पर उतारा। मन्नत के एकल नृत्य, कृष के गायन, डॉली एवं एएनएम द्वितीय वर्ष की छात्राओं के पंजाबी नृत्य तथा आराध्या, महिमा एवं समूह और लक्ष्य-आराध्या की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। निदा ने बीटेक द्वितीय वर्ष की ओर से एकल गायन प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए।
मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
समारोह की सबसे खास प्रस्तुति मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। इसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और मंच पर अपनी प्रस्तुति देने की क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. शीतल राजपूत, डॉ. कावेंद्र यादव, निकुल चौधरी एवं वैभव कुमार शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन एवं व्यक्तित्व के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता में बीएमएस की जसिका को मिस फ्रेशर और बीसीए के दीक्षांत को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इसके अतिरिक्त नर्सिंग विभाग की भूमि को मिस फोटोजेनिक, बीटेक के अभय को मिस्टर फोटोजेनिक, बीटेक की आरोही को मिस चार्मिंग तथा बीएससी नर्सिंग के क्रिस कुमार को मिस्टर डैशिंग का खिताब प्रदान किया गया।सभी विजेताओं को चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह ने ट्रॉफी एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। विजेताओं की घोषणा के दौरान विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
सामूहिक सहभागिता से सफल हुआ आयोजन
‘अभिनंदन-2026’ को सफल बनाने में संस्थान की अनुशासन समिति, स्वागत समिति, आयोजन समिति, एंकर टीम और समस्त शिक्षकगण का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कावेंद्र यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, संस्थान के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान में सहभागिता की और समारोह का समापन हुआ।
अभिनंदन-2026 नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के साथ-साथ उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता, सांस्कृतिक अभिरुचि और आपसी सौहार्द को मंच प्रदान करने वाला यादगार आयोजन साबित हुआ।



