पीआर पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ, अतिथियों ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ
डॉ. वीरपाल निर्वाल और पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया जागरूकता अभियान का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक व भाषणों से दिया जीवन रक्षा का संदेश

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश, जनपद मुजफ्फरनगर की ओर से 16 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े का मंगलवार को पीआर पब्लिक स्कूल, मुजफ्फरनगर में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अनिल कुमार राणा, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सीएल निगम, यात्री कर अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास्तव, यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार, विद्यालय प्रबंधक अशोक सिंघल, अरविंद कुमार, प्रधानाचार्य अनघ सिंघल, रामकुमार शर्मा एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत लाइव प्लांट एवं सड़क सुरक्षा शपथ प्रतीक चिह्न भेंटकर किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन ने स्वागत संबोधन में जनपदवासियों से सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
डॉ. वीरपाल निर्वाल ने दिया सुरक्षा का संदेश
डॉ. वीरपाल निर्वाल ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना तथा यातायात संकेतों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति की आदत बननी चाहिए।
मीनाक्षी स्वरूप ने युवाओं को बताया जागरूकता का माध्यम
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे और युवा समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं। विद्यार्थी स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें।सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ ने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करे, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से सड़क सुरक्षा के विभिन्न नियमों और सावधानियों का प्रभावशाली संदेश दिया गया। कक्षा 11 की छात्राओं आर्य कौशिक एवं तनिष्का चौधरी तथा कक्षा सात की छात्रा अवनी ने भी अपने विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया। शानदार प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अनिल कुमार राणा ने भी विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।विद्यालय प्रबंधक अशोक सिंघल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जागरूकता और अनुशासन से सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग और यातायात संकेतों का सम्मान प्रत्येक नागरिक की दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए।कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनहानि रोकने के लिए सामूहिक संकल्प कराया।
समापन अवसर पर यात्री कर अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास्तव ने एआरटीओ प्रशासन अजय मिश्रा एवं एआरटीओ प्रवर्तन सीएल निगम की ओर से उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में परिवहन विभाग एवं विद्यालय स्टाफ के दिव्या शर्मा, प्रवीण कुमार, शंकर शर्मा, बीना वत्स, दीक्षा, अनुपम सैनी, राखी पाल, नीता गुप्ता, दीपक मलिक सहित अन्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने और ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।






