जिलाधिकारी व एसएसपी ने जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिये निर्देश
तहसील दिवस में वरिष्ठ अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं

संपूर्ण समाधान दिवस में 24 शिकायतें प्राप्त, चार का मौके पर निस्तारण
ओजस्वी मन।
मुजफ्फरनगर, 3 अक्टूबर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्युत, भूमि विवाद, नगर पंचायत, राजस्व, पेंशन, सड़क तथा पुलिस-प्रशासन से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को संदर्भित करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का सत्यापन करें। यदि किसी शिकायत का निस्तारण संभव नहीं है तो शिकायतकर्ता को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निस्तारण किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने तथा मौके की फोटो उपलब्ध कराने को भी कहा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



