Blog

एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ और पैरा एथलीट प्रीति पाल ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

शिखर शिक्षा सदन में मिशन शक्ति 6.0, साइबर जागरूकता एवं पद अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन

ओजस्वी मन मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर में मिशन शक्ति 6.0, साइबर जागरूकता एवं पद अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जिम्मेदारी और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया, वहीं एशियन पैरा एथलीट एवं रजत पदक विजेता प्रीति पाल ने विद्यार्थियों को दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के साथ लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया। समारोह में नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ रिषिका सिंह, मीरापुर थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह, पैरा एथलीट प्रीति पाल, रालोद नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुप्रिया पाल तथा सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं एडवोकेट सिद्धार्थ राजवंशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों को प्रतीक चिह्न एवं बुके भेंटकर सम्मानित किया गया।
अनुशासन और जिम्मेदारी से ही मिलेगी सफलता : इंदु सिद्धार्थ
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, समयपालन और जिम्मेदारी जीवन में सफलता की मजबूत नींव हैं। छात्र पदाधिकारियों को अपने पद का उपयोग अधिकार जताने के बजाय सहयोग, मार्गदर्शन और विद्यालय में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यालय में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की सराहना करते हुए प्रबंधन को बधाई दी।
चुनौतियों से घबराएं नहीं, लक्ष्य के लिए निरंतर करें प्रयास : प्रीति पाल
एशियन पैरा एथलीट एवं रजत पदक विजेता प्रीति पाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और अनुशासन बेहद जरूरी हैं। चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहस के साथ सामना करना चाहिए और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने छात्र पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा अपने आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहें विद्यार्थी : रिषिका सिंह
क्षेत्राधिकारी जानसठ रिषिका सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। नेतृत्व का वास्तविक अर्थ ईमानदारी, संयम और सही निर्णय लेने की क्षमता है। उन्होंने छात्र पदाधिकारियों को अनुशासन बनाए रखने, सहपाठियों की समस्याओं को समझने और विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी : इंद्रजीत सिंह
मीरापुर थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करना चाहिए तथा पासवर्ड, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। किसी भी समस्या या साइबर अपराध की स्थिति में पुलिस की सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

शिक्षा का उद्देश्य जिम्मेदार नागरिक बनाना : सुप्रिया पाल
रालोद नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुप्रिया पाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार और समाज के प्रति जागरूक नागरिक बनना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जरूरतमंद सहपाठियों की सहायता करने, बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति सजग रहने और समाज में सेवा, सहयोग तथा समानता की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना प्राथमिकता:सुशील शर्मा
विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व के गुणों का विकास शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। छात्र पदाधिकारियों को अपने आचरण और कार्यशैली से अन्य विद्यार्थियों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। विद्यालय के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि पद अलंकरण समारोह विद्यार्थियों को नेतृत्व एवं जिम्मेदारी का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने छात्र परिषद से विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।विद्यालय की प्रबंधिका शिखा शर्मा ने विद्यार्थियों को विनम्रता, ईमानदारी, अनुशासन एवं सेवा-भाव अपनाने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या शालिनी राय ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और दूसरों के सामने अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत करने का नाम है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
बैज एवं सैश पहनाकर दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, उत्तरदायित्व, टीम भावना और सेवा-भाव का विकास करना रहा। मिशन शक्ति 6.0 एवं साइबर जागरूकता के माध्यम से विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, सम्मान और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में मीरापुर स्थित नन्ही दुनिया जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक वासुदेव शर्मा ने भी उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 11 की छात्रा तिथि शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक वर्ग का विशेष सहयोग रहा। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में हुआ।

[banner id="1202"]

Main slider

IMG-20261004-WA0000
images (2)
IMG-20261004-WA0000 images (2)

Related Articles

Back to top button