Blog

मुज़फ्फरनगर में पीईटी परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम एसएसपी की पैनी नजर

पीईटी परीक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी अलर्ट, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था परखी

सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांगरूम का किया निरीक्षण, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही और निष्पक्ष परीक्षा के लिए दिए निर्देश
ओजस्वी मन मुजफ्फरनगर।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने रविवार, 25 अक्टूबर को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने चौधरी छोटूराम कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, डीएवी डिग्री कॉलेज तथा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता एवं मुस्तैदी परखी और परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी निगरानी और स्ट्रांगरूम की सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही स्ट्रांगरूम का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनी रहें।

नियमों के अनुरूप चेकिंग और प्रवेश के निर्देश
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की नियमानुसार चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए। निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाए। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखें।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश
अधिकारियों ने कक्ष निरीक्षकों एवं अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन से लेकर परीक्षा में सम्मिलित होने तक किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा किए गए इन निरीक्षणों का उद्देश्य पीईटी-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराना है।

[banner id="1202"]

Main slider

IMG-20261004-WA0000
images (2)
IMG-20261004-WA0000 images (2)

Related Articles

Back to top button