सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा का आधार, यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी: पुष्पेंद्र कुमार
होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ

ओजस्वी मन जड़ौदा,मुजफ्फरनगर, 12 नवंबर 2026।
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा का आधार है और यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यह विचार उप निरीक्षक यातायात पुष्पेंद्र कुमार ने होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, बचाव के उपायों तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप निरीक्षक यातायात पुष्पेंद्र कुमार, बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल यातायात मंटी कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों एवं उनके गंभीर परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने भारत सरकार की राहवीर (Good Samaritan) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसका जीवन बचाया जा सकता है। दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर अर्थात शुरुआती एक घंटे में चिकित्सा सहायता मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
उप निरीक्षक यातायात पुष्पेंद्र कुमार ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों एवं यात्रियों के लिए सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षक साबित होता है। उन्होंने कहा कि तेज गति, नशे में वाहन चलाना, नींद एवं थकान की स्थिति में ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग भी दुर्घटनाओं को आमंत्रित करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के तीन महत्वपूर्ण मंत्र बताते हुए कहा कि सड़क पर हमेशा सतर्कता बनाए रखें, वाहन चलाते समय एकाग्रता रखें और यातायात संकेतों एवं निर्धारित मार्गों का पालन करें।उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति, दोनों के लिए हेलमेट पहनना आवश्यक है। चार पहिया वाहन में सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगानी चाहिए। इसके अतिरिक्त निर्धारित गति सीमा का पालन करना, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करना, एंबुलेंस एवं आपातकालीन वाहनों को रास्ता देना तथा नशे या अत्यधिक थकान की स्थिति में वाहन न चलाना भी सुरक्षित यातायात के महत्वपूर्ण नियम हैं।
उन्होंने नाबालिगों को वाहन चलाने से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु में सामान्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं है। 16 से 18 वर्ष की आयु के किशोर केवल कानून द्वारा अनुमत निर्धारित क्षमता वाले वाहन ही वैध अनुमति के साथ चला सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जागरूकता परखने के लिए सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। इसमें नैतिक, निवेदी एवं वंशिका सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सही उत्तर देकर अपनी समझ का परिचय दिया। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल किसी अभियान या जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने अभिभावकों, परिवारजनों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।उन्होंने कहा कि सड़क पर हमारी एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार के जीवन में कभी न भरने वाला खालीपन पैदा कर सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय हमेशा यह याद रखना चाहिए कि घर पर कोई हमारा इंतजार कर रहा है।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात का संदेश देते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।



