Blog

दीपोत्सव-2026 में दमकेगी रामनगरी, रामायण थीम से सजेगी अयोध्या

प्रमुख मार्गों से घाट तक दिखेगी आस्था और संस्कृति की भव्य तस्वीर, पुष्पक विमान से लेकर फ्लोटर्स तक होंगे आकर्षण


  1. ओजस्वी मन लखनऊ/अयोध्या, 7 अक्टूबर।                                दीपों की रोशनी से जगमगाने वाली रामनगरी अयोध्या इस वर्ष दीपोत्सव-2026 में अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ आधुनिक कलात्मकता का भव्य संगम प्रस्तुत करेगी। प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक रामायण की थीम पर आधारित सजावट श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगी।
    उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव-2026 के लिए व्यापक सजावट और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार की है। सजावटी द्वार, थीम आधारित वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट, आर्ट इंस्टॉलेशन, राम रथ, पुष्पक विमान और सरयू की लहरों पर आकर्षक फ्लोटर्स रामनगरी के उत्सवी स्वरूप को और भव्य बनाएंगे।
    दीपोत्सव के तहत 6 से 8 नवंबर तक विभिन्न आयोजन होंगे, जबकि 7 नवंबर को मुख्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए अयोध्या के करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे।
    रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर बनेंगे 20 सेल्फी प्वाइंट
    दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए रामकथा पार्क तथा राम की पैड़ी पर 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक इंस्टॉलेशन की थीम, डिजाइन और निर्माण शैली अलग होगी। त्रि-आयामी कलाकृतियों में अयोध्या और दीपोत्सव की झलक कलात्मक अंदाज में दिखाई देगी।
    लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी मार्ग तक भी आकर्षक आर्ट इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे, जो इस मार्ग को एक विशेष सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेंगे।
    नए कलेवर में नजर आएगा रामकथा मंच
    रामकथा पार्क का स्थायी मंच दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए नए रूप में सजाया जाएगा। मंच पर ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, थीम आधारित रंगीन कपड़े, पुष्प सज्जा और रंगोली के साथ आकर्षक साज-सज्जा की जाएगी।रामकथा पार्क के प्रवेश और निकास को भी भव्य सजावटी द्वारों से सजाया जाएगा। इन द्वारों की डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगी।
    प्रमुख मार्गों पर बनेंगे 10 भव्य द्वार
    दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के प्रमुख प्रवेश मार्गों और धर्म पथ पर 10 भव्य सजावटी द्वार बनाए जाएंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले मार्गों सहित धर्म पथ पर तैयार होने वाले इन द्वारों की डिजाइन और थीम अलग-अलग होगी।रोशनी और आकर्षक सजावट से सजे ये द्वार श्रद्धालुओं के अयोध्या में प्रवेश करते ही दीपोत्सव के भव्य वातावरण का अनुभव कराएंगे। पुष्पक विमान और राम रथ होंगे विशेष आकर्षण
    राम की पैड़ी के निकट पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा। इसके अलावा रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप देने के लिए राम रथ और झांकी भी तैयार की जाएगी।
    राम की पैड़ी के समीप राम दरबार की भव्य प्रस्तुति होगी, जबकि रामकथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। प्रमुख मार्गों पर फ्लैग पोल लगाए जाएंगे।
    सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
    अयोध्या की आभा होगी अविस्मरणीय
    पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। रामायण थीम पर आधारित सजावट, कलात्मक स्थापनाएं और प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को रामनगरी के दिव्य और भव्य स्वरूप का नया अनुभव कराएंगी।
    उन्होंने कहा कि प्रयास है कि दीपोत्सव की आभा अयोध्या आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के मन में अविस्मरणीय छाप छोड़े।
    रामायण के प्रसंगों को सरल भाषा में दिखाया जाएगा
    अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों पर आधारित आकर्षक स्थापनाएं तैयार की जा रही हैं। इनमें लंका कांड सहित रामायण के प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
    इस प्रकार दीपोत्सव-2026 में अयोध्या केवल दीपों से ही नहीं, बल्कि रामायण की कथा, भारतीय संस्कृति, कलात्मक स्थापनाओं और आधुनिक प्रकाश सज्जा के अद्भुत संगम से भी जगमगाती नजर आएगी।
[banner id="1202"]

Main slider

IMG-20261004-WA0000
images (2)
IMG-20261004-WA0000 images (2)

Related Articles

Back to top button