मीरापुर में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, शव थाने के गेट पर रखकर परिजनों का हंगामा
बंधक बनाकर जबरन जहर पिलाने का आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया

ओजस्वी मन मीरापुर।
कस्बे के मोहल्ला सराय गेट निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने मोहल्ले के ही कई युवकों पर उसे बंधक बनाकर जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन युवक का शव लेकर मीरापुर थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के मुख्य गेट पर शव रखकर घंटों हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सराय गेट निवासी मोनू पुत्र मुन्नालाल पिकअप गाड़ी चलाने का काम करता था। मृतक के पिता मुन्नालाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे मोहल्ले के ही हर्ष, तुषार, मंगल, अक्षय, चिराग, ललित और राजन ने उनके साथ गाली-गलौज की थी। आरोप है कि कुछ देर बाद सभी उनके घर पहुंचे और मोनू को समझाने की बात कहते हुए 24 घंटे के भीतर उसकी हत्या करने की धमकी देकर चले गए।तहरीर के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11:22 बजे मोनू ने अपनी चचेरी बहन पूजा को फोन कर बताया कि उक्त लोगों ने उसे कुतुबपुर रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के पीछे बंधक बना रखा है और जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मोनू गंभीर हालत में पड़ा मिला।परिजन आनन-फानन में उसे कस्बे के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मोनू ने दम तोड़ दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जानसठ थाना प्रभारी विनोद कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कराया।इसके बाद पुलिस की निगरानी में शव को अंतिम संस्कार के लिए गंगा बैराज भेज दिया गया।
मुकदमा दर्ज, हिरासत में लिए गए कुछ लोग
क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



